प्रयागराज (राजेश सिंह)। मर्राे गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास बीच सड़क शुक्रवार दोपहर एक प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम युवक की मौत हो गई। जबकि किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है।
दोनों तीन दिन पहले घर से भागे थे। किशोरी की मां ने युवक के खिलाफ बेटी को भगा ले जाने की रिपोर्ट सरायममरेज थाने में दर्ज कराई थी। मंडवा प्रतिनिधि के अनुसार सरायममरेज थानांतर्गत हिंदूवानी मवैया गांव निवासी 22 वर्षीय शिवम मौर्या का बगल के गांव में रहने वाली एक 17 वर्षीया किशोरी से प्रेम संबंध था। किशोरी का मूल घर फूलपुर क्षेत्र में है, जबकि उसकी ननिहाल शिवम के गांव के बगल है। किशोरी यहीं रहती है।
शिवम का अक्सर उस गांव में आना-जाना था और इसी बीच किशोरी से उसकी मुलाकात हो गई। दोनों में प्रेम हो गया। तीन दिन पहले किशोरी घर से निकली तो वापस नहीं लौटी। स्वजन ने हर संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन की। शिवम के घर भी वह पहुंचे तो पता चला कि वह भी गायब है।
इसके बाद किशोरी की मां ने सरायममरेज पुलिस को तहरीर दी। बताया कि शिवम उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस दोनों की तलाश में लग गई। शुक्रवार दोपहर मर्राे गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास शिवम किशोरी के साथ पहुंचा। बीच सड़क दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। वह सड़क पर गिर पड़े और तड़पने लगे। यह देखकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को सड़क से किनारे करते हुए पुलिस को खबर दी। कुछ ही देर में पुलिस पहुंची और एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
यहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने दोनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान देर शाम शिवम ने दम तोड़ दिया, जबकि किशोरी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने किशोरी से बात की तो उसने बताया कि वह शिवम से प्रेम करती थी।
यह बात दोनों के परिवार के लोगों को पता थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों परिवार इसके लिए राजी नहीं थे। तीन दिन पहले वह शादी करने के लिए घर से भागे थे, लेकिन बाद में पता चला कि घरवालों ने शिवम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। इसके बाद शिवम के साथ मिलकर जान देने का फैसला किया और जहर खा लिया।
युवक और किशोरी प्रेम करते थे। वह शादी करना चाहते थे, लेकिन घरवाले राजी नहीं थे। किशोरी की मां की तहरीर पर शिवम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश भी की जा रही थी। शुक्रवार दोपहर दोनों ने जहर खा लिया, जिसमें शिवम की मौत हो गई, जबकि किशोरी की हालत नाजुक है। मामले की छानबीन की जा रही है।- कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी गंगानगर।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
