प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगा नदी पर बने शास्त्री पुल पर मंगलवार को दोपहर घटना हो गई। जाम में फंसे वाहन में गर्भवती महिला व अजन्मे बच्चे की मौत हो गई। प्रयागराज-वाराणसी मार्ग को जोड़ने वाले शास्त्री पुल पर भीषण जाम लग गया। इस जाम में वह वाहन भी फंस गया, जिसमें एक गर्भवती महिला सवार थी। निकलने की जगह नहीं मिली और करुण क्रंदन के साथ महिला की चीख थम गई। साथ ही उसके पेट में दुनिया देखने को आतुर अजन्मा बच्चे की भी मौत हो गई।
शास्त्री पुल के प्रयागराज-वाराणसी लेन पर मंगलवार सुबह इनोवा और बोलेरो वाहनों में टक्कर हो जाने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त होकर बीच पर खड़ी हो गईं। इससे जिससे जाम लग गया। वहीं दूसरे लेन से लोगों ने निकलना शुरू किया। इस दौरान पहले निकालने की आपाधापी में आड़े-तिरछे वाहन होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। दूसरे लेन पर भी यही हाल था। इस कारण शास्त्री पुल से झूंसी पुलिस बूथ तथा शहर की ओर अलोपीबाग तक जाम लग गया। इसकी सूचना पुलिस को काफी देर बाद मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को किसी तरह हटवाया, तब जाकर दो घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। उधर पुलिस के पहुंचने से पहले ही शास्त्री पुल पर लगे जाम में गर्भवती महिला को ले जा रहा वाहन भी फंस गया। जाम इस कदर था कि न वाहन आगे पा रहा था और न ही पीछे। इस दौरान गर्भवती महिला दर्द से छटपटा रही थी। उसकी वाहन में ही मौत हो गई। उसके पेट में पल रहा बच्चा भी मृत हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार सरायइनायत थाना के बनी गांव के चंदन कुमार पेशे से मजदूर है। उसकी 25 वर्षीय पत्नी सीमा वर्मा गर्भवती थी। सोमवार को उसे बनी सीएचसी ले जाया गया और भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खराब होने पर मंगलवार को शहर के लिए रेफर कर दिया। सरकारी वाहन न मिलने पर एक प्राइवेट वाहन से उसे प्रयागराज शहर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जाम के कारण उसका वाहन झूंसी में फंस गया। इससे उसकी तथा उसके पेट में पल रहा बच्चा दोनों की मौत हो गई। और डिटेल एकत्र किया जा रहा है।
