लेखपाल ने दर्ज कराया मुकदमा, जांच शुरू
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के करैली थाना क्षेत्र में राज्य सरकार की भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास सामने आया है। यह भूमि उत्तर प्रदेश अर्बन सीलिंग अधिनियम के तहत आती है और इसे सामूहिक विवाह गृह निर्माण के लिए चिन्हित किया गया है। तहसील सदर के राजस्व कर्मी नवीन सोनकर ने इस संबंध में करैली थाने में तहरीर दी है।
तहरीर के अनुसार, राजस्व ग्राम करैलाबाग की आराजी संख्या 49 मि, रकबा 0.1820 हेक्टेयर, राज्य सरकार की संपत्ति है। इस भूमि पर पहले ही पिलर लगाकर सीमांकन किया जा चुका था।
हाल ही में 8 दिसंबर को क्षेत्रीय लोगों से सूचना मिली कि चिन्हित भूमि पर लगे पिलरों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय उपनिरीक्षक की उपस्थिति में मौके का निरीक्षण किया गया, लेकिन उस समय कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था।
बाद में उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे, स्थानीय लोगों, जिनमें पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रीतम निषाद और रणविजय सिंह शामिल हैं, ने दोबारा शिकायत की। उन्होंने बताया कि श्आदि पुत्र अज्ञातश् सहित कुछ अन्य अज्ञात व्यक्ति सरकारी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से सड़क मार्ग बनाना शुरू कर चुके हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपियों ने न केवल सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास किया, बल्कि पहले से लगे सीमांकन पिलरों के साथ भी छेड़छाड़ की है। इसे शासकीय संपत्ति के विरुद्ध गंभीर अनियमितता और भूमि हड़पने का प्रयास बताया गया है।
राजस्व कर्मी नवीन सोनकर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। करैली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान तथा घटना के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
