पंकज चौधरी बने उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष यमुनापार भाजपाइयों ने मनाया जश्न
प्रदेश मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा
जिला कार्यालय सिविल लाइंस में यमुनापार के जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया का सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने गेट पर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने लखनऊ पहुंचकर नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को बुके भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है, जहां बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चुनाव पार्टी के संविधान के अनुरूप लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होता है। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद पंकज चौधरी का लंबा राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक दक्षता और जनसेवा के प्रति समर्पण संगठन को और अधिक ऊर्जावान, अनुशासित एवं सशक्त बनाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
इस अवसर पर जिला कार्यालय पर जिला उपाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, जिला मंत्री राजेश धनगर, वीरेन्द्र शुक्ला, आईटी प्रमुख सतीश विश्वकर्मा, आनंद तिवारी, रत्नाकर सिंह, अमरेश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आतिशबाजी कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर हर्ष व्यक्त किया।

