प्रयागराज (राजेश सिंह)। नए साल का पहला ही दिन घूरपुर के बगबना निवासी किसान के घर मातम लेकर चला आया। बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे नए साल पर जन्मदिन मनाने जा रहे किसान के बेटे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
नए साल का पहला ही दिन घूरपुर के बगबना निवासी किसान के घर मातम लेकर चला आया। बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे नए साल पर जन्मदिन मनाने जा रहे किसान के बेटे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने रीवा राजमार्ग को जाम कर दिया। साथ ही पुलिस पर सीसीटीवी कैमरा और स्ट्रीट लाइट बंदकर वसूली करने का आरोप लगाया। वहीं, परिजनों को समझाने के लिए एसीपी कौंधियारा मौके पर पहुंचे लेकिन वह कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
थाना घूरपुर के बगबना गांव निवासी बृजेश प्रजापति किसान हैं और मिट्टी के बर्तन बनाते हैं। उनके तीन बेटों में सबसे छोटा दिनेश प्रजापति (19) इरादतगंज स्थित एक बाइक एजेंसी में काम करता था। नए साल की पहली तारीख यानि बृहस्पतिवार को उसका जन्मदिन था। वह एजेंसी से छुट्टी लेकर दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए गांव जा रहा था। वह जैसे ही एजेंसी से सड़क पार कर दूसरी तरफ पहुंचा शहर की ओर से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी की वह सड़क पर दूर जा गिरा और मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों को बिलखता देख लोग आक्रोशित हो गए और रीवा राजमार्ग जाम कर दिया।
वनवे होने के कारण राजमार्ग पर दोनों तरफ दो किलोमीटर तक जाम लग गया। आक्रोशित भीड़ पीड़ित परिवार वालों को मुआवजा देने की बात करते रहे। उन्हें समझाने के लिए एसीपी कौंधियारा पहुंचे। काफी मान-मनौव्वल के बाद घूरपुर पुलिस ने स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरा चालू कराने और मुआवजे के लिए विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन घटनास्थल से शव लेकर चौराहे पर पहुंचे। इसी बीच लोगों ने चौराहे पर शव को दोबारा रखकर जाम लगा दिया। अफसर उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे। वहीं, चौराहे पर जाम लगने से चारों तरफ के वाहन फंसे रहे। खबर लिखे जाने तक जाम नहीं खुल सका था। संवाद
एंबुलेंस के लिए खोल दिया जाम
घूरपुर। दिनेश प्रजापति की मौत के बाद हाईवे पर आक्रोशित लोगों ने जाम लगाया, लेकिन जाम में मरीज लेकर एक एंबुलेंस भी फंस गई, इसपर लोगों ने स्रूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस को जाम से बाहर निकलवाया। वहीं जाम के दौरान घूरपुर थाने में तैनात एक सब इंस्पेक्टर ने सख्ती का प्रयोग करते हुए जाम खुलवाने का प्रयास किया। इसपर भीड़ आक्रोशित हो गई और सब इंस्पेक्टर को दौड़ा लिया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और परिजनों को शांति बनाने रखने के लिए मनाया।