छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की सोलहवीं पुण्यतिथि पर सपाजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
मेजा, प्रयागराज (विमल पाण्डेय)। महान समाजवादी नेता एवं केन्द्र सरकार मे कई बार मंत्री रहे छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की सोलहवीं पुण्यतिथि बृहस्पतिवार को मेजा क्षेत्र के भड़ेवरा गांव मे सपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह के अगुआई मे सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। सपा नेताओं द्वारा उन्हें याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर सपा प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह ने अपने नेता को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजनीति सहित उत्तर प्रदेश की राजनीति मे जननेता के रूप मे समाजवादी पार्टी के अन्दर और बाहर युवा नेतृत्व को पहचान दिलाने मे जनेश्वर मिश्र का श्रमसाध्य प्रयास सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने जीवन पर्यन्त शोषितों,पीड़ितों, और कमजोरों के पक्ष की पैरोकारी करते हुए संघर्ष किया।
नरेन्द्र सिंह ने आगे कहा कि जनेश्वर मिश्र सम्पन्नता और समानता के लिए होने वाले संघर्ष के बहुत बड़े रचनाकार थे, उनकी मौजूदगी मे बहुत बड़ा बल होता था। आज उनकी याद को ही उनकी मौजूदगी मे परिवर्तित करने की जरूरत है।
नरेन्द्र सिंह ने यह भी कहा कि आज सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जनेश्वर मिश्र के संघर्षों एवं सपनों को साकार करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
इस अवसर पर फिरोज खान, हिमांशु सिंह,अरविंद यादव, शिवराम पटेल, बिसुन यादव, विजय बहादुर कुशवाहा,हीरालाल पटेल, धीरज पाण्डेय,गगन सिंह, अजय शर्मा,अंकित शर्मा, दुर्गेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
