प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता की है। यहां उन्होंने हाल में कैबिनेट में पास हुए विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (जी राम जी) के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- कांग्रेस के समय में मनरेगा आया, लेकिन यह भ्रष्टाचार की भीड़ चढ़ गया। बड़े पैमाने पर गड़बड़ झाला किया गया। जांच में करोड़ों रुपए का खेल कर दिया गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रमिकों के लिए बड़ा तोहफा दिया है। जी राम जी योजना से कांग्रेस के साथ साथ अन्य विपक्षियों के पेट में दर्द शुरू हो गया है। कांग्रेस के जमाने में सिर्फ परिवार व पार्टी का विकास हुआ।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, जी राम जी योजना श्रमिकों को सुरक्षित करने के लिए लाया गया है। विकसित गांव से ही विकसित भारत का निर्माण होगा। इस योजना में श्रमिक को वर्ष में 125 दिन में काम मिलेगा जबकि पहले मनरेगा में 100 दिन काम मिलता था। इस योजना में मजदूर को साप्ताहिक रूप से सीधे उनके खाते में पारिश्रमिक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा, ये कानून सिर्फ कानून नहीं बल्कि भविष्य देता है। इस योजना की मॉनिटरिंग AI तकनीक और पूरी तरह से मोबाइल से हो सकेगी। अब विपक्ष इसका दुष्प्रचार कर रही है लेकिन जनता सब जानती है। प्रेस वार्ता में सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, दीपक पटेल, गुरुप्रसाद मौर्या, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।
