माघ मेला शिविर में महंत-श्रीमहंतों का पट्टाभिषेक, नए कंठी चेलों की घोषणा
प्रयागराज (राजेश सिंह)। तीर्थराज प्रयागराज से किन्नर अखाड़े के विस्तार की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर प्रो. (डॉ.) लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी की मौजूदगी में माघ मेला के सेक्टर-6, ओल्ड जीटी रोड स्थित संगम लोअर क्षेत्र के शिविर में पट्टाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विधि-विधान से संपन्न इस कार्यक्रम में दो महंत, दो श्रीमहंत और चार कंठी चेलों का चयन किया गया। उड़ीसा के सोनू नंद गिरि, कोलकाता के भूतनाथ, सोनाली नंद गिरि और प्रियांशु नंद गिरि को महंत एवं श्रीमहंत पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी को भस्म लगाकर और माला पहनाकर महंत पद की उपाधि प्रदान की गई।
इसके साथ ही झारखंड के देवघर निवासी अजीत सिंह रुद्रा सिंह को शीघ्र ही श्रीमहंत बनाया जाएगा। उनका पट्टाभिषेक झारखंड की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी राजेश्वरीनंद गिरि के नेतृत्व में मार्च माह में देवघर में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा।
वैष्णव परंपरा की उड़ीसा की महामंडलेश्वर स्वामी दिव्यांशी नंद गिरि (रक्षा) ने मीरा सखी, मयूरी और श्रीसखी को कंठी चेला बनाया। पट्टाभिषेक कार्यक्रम में किन्नर अखाड़े के संरक्षक दुर्गादास महाराज, उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणीनंद गिरि, सचिव महामंडलेश्वर स्वामी कन्केश्वरी नंद गिरि, झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी राजेश्वरीनंद गिरि सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
