प्रयागराज (राजेश सिंह)। सड़कों पर रफ्तार का कहर जारी है। बेकाबू एक रोडवेज बस ने कोचिंग जा रहे 19 वर्षीय साइकिल सवार एक छात्र पवन कुमार को कुचल दिया। उसकी मौत होने से गुस्साई भीड़ ने हंगामा करते हुए रास्ता जाम कर दिया।
इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जीटी रोड पर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंची पूरामुफ्ती पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। नाराज लोगों को समझाकर शांत किया और चालक के साथ बस को कब्जे में ले लिया। बताया गया है कि कौशांबी संदीपनघाट क्षेत्र के गौसपुर निवासी गया प्रसाद खेती करके स्वजन का भरण-पोषण करते हैं।
उनके दो बेटों में बड़ा पवन कुमार इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद कंप्यूटर कोर्स कर रहा था। बुधवार दोपहर वह साइकिल से कंप्यूटर की कोचिंग करने पूरामुफ्ती के पुरानी बाजार जा रहा था। जैसे ही पवन कोचिंग के समीप पहुंचा प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार उप्र सड़क परिवहन निगम की एक बस ने उसे टक्कर मार दिया।
सड़क पर गिरते ही बस का पहिया पवन के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह देख दूसरे छात्र और स्थानीय लोग आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए। चालक अपनी बस को छोड़कर भागने का प्रयास किया तो भीड़ ने उसे घेर लिया।
इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। खबर पाकर पूरामुफ्ती पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भीड़ ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने किसी तरह नाराज भीड़ को समझाते हुए सवारी को नीचे उतरवाया।
इसके बाद चालक सहित बस कब्जे में लेकर आवागमन बहाल किया। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए पीड़ित परिवार की मदद का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष पूरामुफ्ती मनोज सिंह का कहना है कि रोडवेज बस की चपेट में आने से छात्र की मौत हुई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।