प्रयागराज (राजेश सिंह)। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षा निदेशक, लखनऊ के द्वारा जनपद के कुल 218 विद्यालयों में विद्युत संयोजन हेतु 2023-24 में ही कुल 3 करोड़ 82 हजार 207 रूपये आवंटित किए जाने तथा 205 विद्यालयों द्वारा झटपट पोर्टल के माध्यम से विद्युत वितरण खण्ड को भुगतान किए जाने के बावजूद भी विद्युत विभाग द्वारा मात्र 54 विद्यालयों में विद्युत संयोजन का कार्य पूर्ण किए जाने तथा 151 विद्यालयों में विद्युत संयोजन की कार्यवाही पूर्ण नहीं होने पर कडी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी सम्बंधित अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से बैठक से अनुपस्थित खण्ड शिक्षा अधिकारियों का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए है। उन्होंने कोरांव, होलागढ़ और धनुपूर में निपुण भारत मिशन के अन्तर्गत निपुण प्लस एप पर फीडिंग कम पाये जाने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उन्होंने चाका ब्लाक में आधारविहीन बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र हेतु पेण्डिंग फार्माेें की संख्या अधिक होने पर खण्ड शिक्षा अधिकारी-चाका से स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए है।
मुख्य विकास अधिकारी ने आपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए आपरेशन कायाकल्प के सभी 19 पैरामीटरों के संतृप्तीकरण किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने ब्लाकवार आपरेशन कायाकल्प के पैरामीटरों के संतृप्तीकरण की समीक्षा करते हुए सभी विद्यालयों में फर्नीचर, विद्युतीकरण, दिव्यांग शौचालय, बाउंड्रीवॉल सहित सभी कार्यों को पूर्ण कराये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। उन्होंने निर्माणाधीन विद्यालयों में अवशेष कार्यों को सम्बंधित कार्यदायी संस्था यूपीसिडको व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराये जाने तथा पूर्ण हो चुके विद्यालयों में कमियों की जांच कर उसे पूर्ण कराये जाने तथा उनके हैण्डओवर की कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। उन्होंने विद्युत विभाग को विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का आंगणन प्राप्त कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए मूल्यांकन समिति द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्यवाही हेतु चिन्हित विद्यालयों में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पूर्ण कराये जाने तथा सत्र-2026-27 में मूल भवन व अतिरिक्त कक्षा की मांग राज्य परियोजना कार्यालय से किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से एमआर की अतिरिक्त डोज के टीकाकरण कार्यक्रम को स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर सभी विद्यालयों में कराये जाने के लिए कहा है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी व स्वास्थ्य व सम्बंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
