नई दिल्ली। अमेरिका में टैरिफ को लेकर मचे घमासान और वहां की सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले ने पूरे देश दुनिया में हलचल मचा दी है। ट्रंप के वैश्विक टैरिफ को अदालत द्वारा रद किए जाने के बाद भारत की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी सोमवार को प्रतिक्रिया दी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अमेरिका द्वारा घोषित टैरिफ परिवर्तनों पर टिप्पणी करना अभी जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि वाणिज्य मंत्रालय स्थिति की समीक्षा कर रहा है और प्रतिनिधिमंडल को आगे की वार्ताओं के लिए निर्णय लेना होगा।
अभी इसके लिए कोई रोडमैप नहीं
वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के विलय को लेकर वित्त मंत्री ने कहा कि अभी इसके लिए कोई रोडमैप नहीं है। हालांकि, केंद्रीय बजट 2026-27 में प्रस्तावित विकसित भारत के लिए बैंकिंग पर एक उच्च स्तरीय समिटि इस विषय और दूसरे पहलुओं पर गौर करेगी।
भारत-यूएस डील सही रास्ते पर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि अनिश्चितताएं हमेशा से रही हैं, वे आती-जाती रह सकती हैं। भारत अमेरिका के साथ डील करने के साफ रास्ते पर है। वित्त मंत्री ने कहा कि हमने कई डील की हैं, UK और EU इसके ताजा उदाहरण हैं। हम चाहते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था आगे बढ़े और भारतीय प्रोडक्ट्स ग्लोबल मार्केट तक पहुंचें।
