मेजा, प्रयागराज (विमल पाण्डेय)। 20 फरवरी 2026 को मेजा ऊर्जा निगम (प्रा.) लिमिटेड ने अपनी नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत तथा आरोग्यम अस्पताल एवं अलिम्को (Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India - ALIMCO) के सहयोग से सामाजिक समावेशन और दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम उठाते हुए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 348 दिव्यांगजनों को कुल 482 सहायक उपकरणों का वितरण किया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी दैनिक जीवन की चुनौतियों को कम करना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इस वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, हाथ से चलने वाली ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (सुनने की मशीन), स्मार्ट स्टिक सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए। ये उपकरण लाभार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप चिन्हित कर वितरित किए गए, ताकि वे अपनी गतिशीलता, संवाद क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि कर सकें। विशेष रूप से मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और स्मार्ट स्टिक जैसे आधुनिक उपकरणों ने दिव्यांगजनों को स्वतंत्र रूप से आवागमन करने और दैनिक कार्यों को सहजता से संपन्न करने में सक्षम बनाया है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जी. श्रीनिवास राव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मेजा ऊर्जा निगम एवं श्रीमती कविता राव (अपराजिता महिला समाज, अध्यक्षा) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि यह पहल केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों के आत्मसम्मान और गरिमा का सम्मान है, जिन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस और आत्मविश्वास के बल पर जीवन की चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि शारीरिक चुनौतियाँ किसी भी व्यक्ति के सपनों, प्रतिभा और क्षमताओं को सीमित नहीं कर सकतीं। उचित सहयोग और अवसर मिलने पर वे समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर श्रीमती कविता राव (अपराजिता महिला समाज, अध्यक्षा) ने अपने आशीर्वचन में कहा कि मेजा ऊर्जा निगम द्वारा संचालित यह CSR पहल वास्तव में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें सहयोग, सम्मान एवं अवसर प्रदान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। इस प्रकार के सहायक उपकरण न केवल उनके जीवन को सुगम बनाते हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की नई दिशा भी प्रदान करते हैं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने आगे कहा कि एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है जब समाज का प्रत्येक वर्ग—विशेषकर दिव्यांगजन—सम्मान, समान अवसर और संसाधनों तक समान पहुँच प्राप्त करे। उन्होंने सभी उपस्थित जनों से आह्वान किया कि वे समावेशी समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ और दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा दें।
इस अवसर पर पंकज कुमार गुप्ता (मुख्य महाप्रबंधक, अभियांत्रिकी), नरेंद्र नाथ सिन्हा (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण), अशोक कुमार सामल (महाप्रबंधक, अनुरक्षण), डॉ. ए. के. चौधरी (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), अंगशु बरुआ (मुख्य वित्त अधिकारी, एमयूएनपीएल), विवेक चन्द्र (अपर महाप्रबंधक, मानव संसाधन), अनिल कुमार (नीम अध्यक्ष), विभागाध्यक्ष एवं अलिम्को प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए निगम के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इन सहायक उपकरणों से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। यह पहल न केवल दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि सामाजिक समावेशन, समानता और मानवीय संवेदनाओं को भी सुदृढ़ करेगी। मेजा ऊर्जा निगम भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्रीय विकास और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
