युवाओं में आत्महत्या के मुख्य कारण क्या हैं?
प्रयागराज (राजेश सिंह)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में चल रहे पीसीएस-2024 साक्षात्कार में प्रश्नों का फोकस ज्ञान से अधिक उसकी गहराई और तर्क क्षमता पर है। प्रश्न कर अभ्यर्थियों की समझ, विश्लेषण क्षमता और प्रशासनिक सोच को परखा गया। समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण से अभ्यर्थी से पूछा गया कि जेन-जी किस वर्ष के बाद जन्मी पीढ़ी को कहते हैं? युवाओं में आत्महत्या के मुख्य कारण क्या हैं? भ्रष्टाचार के कितने प्रकार हैं और गैर-मौद्रिक भ्रष्टाचार क्या होता है? राज्य-विशेष की जानकारी भी परखी गई।
क्या संविधान की व्याख्या केवल पुस्तकीय जानकारी से संभव है?
एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि क्या संविधान की व्याख्या केवल पुस्तकीय जानकारी से संभव है? क्या इतिहास का उत्तर केवल तिथि और नाम बताकर दिया जा सकता है? क्या एक भावी प्रशासक से यह अपेक्षा नहीं कि वह जटिल परिस्थितियों में संतुलित और तर्कसंगत निर्णय ले सके?। उत्तर प्रदेश की ऐसी कौन-सी दो योजनाएं हैं जिन्होंने विकास की दिशा बदली है?
अनुच्छेद 370 को निरस्त करने की प्रक्रिया क्या थी?
इसके साथ एक निजी लेकिन गहरा प्रश्न भी पूछा गया कि ऐसी कौन-सी चीज है जो आप अपने जीवन में कभी नहीं करना चाहेंगे? न्यायिक सक्रियता (ज्यूडिशियल एक्टिविज्म) क्या है और उससे जुड़े प्रमुख मामलों का उल्लेख कीजिए। संवैधानिक समझ को लेकर तीखे प्रश्न किए गए। अनुच्छेद 370 को निरस्त करने की प्रक्रिया क्या थी?
मुगलकालीन स्थापत्य पर प्रश्न पूछे गए
राष्ट्रपति की ‘एड एंड एडवाइस' संवैधानिक व्यवस्था किस प्रकार काम करती है? क्या राष्ट्रपति किसी अधिसूचना के माध्यम से संविधान में परिवर्तन कर सकते हैं? जब संविधान संशोधन की बात आई तो बोर्ड ने पूछा कि क्या हर संशोधन केवल अनुच्छेद 368 के तहत ही संभव है या कुछ बदलाव साधारण बहुमत से भी किए जा सकते हैं। मुगलकालीन स्थापत्य पर प्रश्न आए। किसने दिल्ली का लाल किला बनवाया?
मोहनदास करमचंद गांधी व महात्मा गांधी में क्या अंतर है?
आगरा का किला किस शासक की देन है? फतेहपुर सीकरी को किसने बसाया और राजधानी दिल्ली होने के बावजूद उसे क्यों विकसित किया गया? दीवार पर लगी तस्वीर की ओर इशारा करते हुए बोर्ड ने पूछा कि मोहनदास करमचंद गांधी और महात्मा गांधी में क्या अंतर है? प्रशासनिक क्षमता को परखने के लिए व्यावहारिक स्थितियां दी गईं। यदि कोई प्रभावशाली लॉबी अवैध कब्जे के विवाद को सुलझने नहीं देना चाहती है तो आप क्या करेंगे? यदि आप एसडीएम हैं तो सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए कौन से ठोस कदम उठाएंगे?
यह भी पूछे गए प्रश्न
पृथ्वी का द्रव्यमान कैसे ज्ञात किया जा सकता है?
वर्तमान रुपया-डालर विनिमय दर क्या है?
भारत में ईवी अपनाने की दर कम क्यों है?
कौन-कौन सी भारतीय कंपनियां विदेशों में भी मैन्युफैक्चरिंग कर रही हैं?
इलेक्ट्रिक बसें किन कंपनियों द्वारा बनाई जा रही हैं?
साइबर धोखाधड़ी रोकने के लिए बैंक क्या उपाय अपना सकते हैं?
