प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के फाफामऊ में रहने वाली 21 वर्षीय युवती का कुछ डाॅक्टरों ने गर्भपात कर दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। युवती को स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवती के भाई की तहरीर पर फाफामऊ पुलिस ने बारादरी बाजार होलागढ़ निवासी डाॅक्टर सत्येंद्र पटेल, राहुल और युवती के साथी जगदीशपुर शुक्लानी नवाबगंज के रविराज के खिलाफ मुकदमा कायम किया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार फाफामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक व्यक्ति का आरोप है कि रविराज उनके घर आता-जाता था। इसी दौरान बहन से दोस्ती हो गई। एक सप्ताह पहले बहन के पेट में अचानक दर्द हुआ। तब बहन ने फोन करके रविराज को बताया। उसने बहन को सोरांव बुलाते हुए परिचित डाॅक्टर को दिखाने के लिए कहा। बहन अपनी मां के साथ सोरांव पहुंची, जहां रविराज मिला। इसके बाद उसकी बहन को बारादरी बाजार होलागढ़ स्थित राहुल क्लीनिक पर ले जाया गया।
वहां डाॅक्टर सत्येंद्र पटेल और राहुल ने जांच करके बताया कि दवा देने से दर्द ठीक हो जाएगा। दोनों डाॅक्टरों ने मिलकर दवा खिलाई, जिसके थोड़ी देर बाद बहन के प्राइवेट पार्ट से खून निकलने लगा। इस पर रविराज मां के साथ बहन को सोरांव स्थित देव हास्पिटल ले गए, जहां के डाॅक्टरों ने देखकर बताया कि गर्भपात कराया गया है। बहन की हालत गंभीर होने पर उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष फाफामऊ बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपित
इस संबंध में थानाध्यक्ष फाफामऊ अश्विनी सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके विवेचना की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
