नैनी (प्रयागराज)। टीएसएल रेलवे क्रासिंग के समीप सोमवार की सुबह दुकानों में घुसे ट्रेलर को 36 घंटे बाद भी न हटाए जाने से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार की शाम एक बार फिर मीरजापुर मार्ग पर रास्ताजाम कर दिया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग पर आवागमन ठप रहा। वाहनों की लंबी कतार लग गई। आक्रोशित लोग नुकसान की भरपाई करने की मांग कर रहे थे। पुलिस के काफी समझाने के बाद रास्ताजाम समाप्त हुआ।
टीएसएल रेलवे क्रासिंग के समीप हुआ था हादसा
नैनी थाना क्षेत्र के टीएसएल रेलवे क्रासिंग के समीप रहने वाले महेंद्र केसरवानी, मनोज केसरवानी और प्रेम केसरवानी की मकान के अगले हिस्से में दुकान हैं। महेंद्र व प्रेम किराने की दुकान चलाते हैं, जबकि मनोज की बर्तन की दुकान है। सोमवार की सुबह मीरजापुर की ओर से आ रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर दायीं ओर स्थित दुकानों में जाकर घुस गया था। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था।
घर में फंसे हैं लोग
ट्रेलर इस कदर दुकानों में घुसा है कि तीनों घरों में रहने वाले लोग न तो बाहर निकल पा रहे हैं और न ही भीतर जा पा रहे हैं। इसे लेकर सोमवार दोपहर को रास्ताजाम किया गया था। उस समय पुलिस ने जल्द मामला सुलझाने की बात कहकर सभी को शांत करा दिया था, लेकिन 36 घंटे बाद भी जब कुछ नहीं हुआ तो लोगों ने मंगलवार की शाम फिर रास्ताजाम कर दिया। आक्रोशित लोग तीनों दुकानदारों को नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। नैनी इंस्पेक्टर ने लोगों से बातचीत की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।
