प्रयागराज (राजेश सिंह)। बनवारी खास गांव में माधव प्रसाद दुबे के घर धार्मिक आयोजन के बाद भोज हुआ तो खाना खाकर 26 लोगों की हालत बिगड़ गई। पेट दर्द, उल्टी, दस्त होने पर इन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया तो स्वास्थ्य परीक्षण में पता चला कि फ़ूड प्वाइजनिंग हो गई है।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेजा गया लेकिन इन्हीं में पांच लोगों की हालत फिर बिगड़ी तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडा में इलाज हुआ। गांव में राम तीरथ दुबे के बेटे माधव प्रसाद के घर एक और दो मार्च को अखंड रामायण पाठ हुआ था। पूर्णाहुति के बाद तीन मार्च को दोपहर का भोजन करने के बाद लोगों की हालत बिगड़ने लगी। सभी पेट में दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार से पीड़ित होने लगे।
26 लोगों को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। 58 वर्षीय माधव प्रसाद दुबे, 50 वर्षीय रामतीर्थ, 32 वर्षीय शिवपूजन, 50 वर्षीय संजय, 36 वर्षीय विपिन, 31 वर्षीय अंकित, 35 वर्षीय प्रभुदत्त, 40 वर्षीय सरोज देवी, 25 वर्षीय रोशन त्रिपाठी, 14 वर्षीय प्राची दुबे, 12 वर्षीय गौरव, 85 वर्षीय तारावती, तीन वर्षीय रिद्धि देवी, 75 वर्षीय इंद्रावती, 55 वर्षीय निर्मला देवी, 17 वर्षीय खुशी दुबे, 36 वर्षीय प्रीति, 20 वर्षीय अंतिमा आदि को भर्ती करके इलाज हुआ। हालत में सुधार होने पर चार मार्च को अस्पताल से सभी अपने घर आ गए लेकिन गुरुवार को कई लोगों की तबियत फिर बिगड़ी। इंद्रावती देवी, निर्मला देवी, खुशी दुबे, प्रीति और अंतिमा को दोपहर बाद मांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिये लाया गया।
माधव प्रसाद दुबे ने बताया कि पूड़ी, सब्जी और बुंदिया का प्रसाद लोगों ने खाया था। रिश्तेदारी से आए सात लोग अपने घर चले गए थे। उनकी भी तबीयत खराब होने की जानकारी मिली है। मांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. रियाजुद्दीन खां ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग हो गई थी। मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
घर में बना भोजन प्रसाद खाने के बाद लोगों को उल्टी, दस्त की समस्या हुई थी। पहले घर के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए थे। बाद में कुछ लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडा लाया गया। अब सभी की हालत खतरे से बाहर है। शुक्रवार को जिले से टीम भेजकर प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराएंगे।-डॉ. एके तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी
