गोल्डन शेरवानी में निकले ‘चाइनामैन’, बारात में थिरके कैफ, चहल और तिलक
मसूरी। कुलदीप यादव ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ शादी के बंधन में बंधकर नई जिंदगी की शुरुआत की। मसूरी स्थित आईटीसी सेवॉय होटल में आयोजित शाही समारोह में दोनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की रस्में पूरी कीं।
शाम को सबसे पहले जयमाला की रस्म हुई। मंच पर पहुंचकर कुलदीप यादव और वंशिका सिंह ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। जयमाला के बाद रात में मंडप में सात फेरों की रस्म पूरी की गई, जिसके साथ ही दोनों वैवाहिक बंधन में बंध गए।
इससे पहले कुलदीप यादव गोल्डन शेरवानी पहनकर घोड़े पर सवार होकर बारात के साथ दुल्हन लेने निकले। बारात में मौजूद क्रिकेटर्स ने पिंक और सफेद रंग के साफे बांधे। ढोल-नगाड़ों की धुन पर मेहमानों और खिलाड़ियों ने जमकर डांस किया। बैंड-बाजे के लिए दिल्ली से छह सदस्यों की ढोल बजाने वाली टीम पहले ही मसूरी पहुंच चुकी थी।
होटल में मंडप कोलकाता से मंगाए गए स्पेशल फूलों से सजाया गया था, जहां मुख्य विवाह समारोह हुआ। शादी से पहले कुलदीप यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से जगद्गुरु रामभद्राचार्य से आशीर्वाद भी लिया।
समारोह में शामिल होने के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री भी करीब ₹1.50 करोड़ की कार से होटल पहुंचे। इससे पहले शुक्रवार रात आयोजित संगीत और कॉकटेल समारोह में क्रिकेटर सुरेश रैना, रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल ने दूल्हे के साथ जमकर डांस किया।
समारोह में दिल्ली से आए सूफी सिंगर और लाइव परफॉर्मर बिस्मिल ने भी प्रस्तुति दी। शनिवार सुबह मोहम्मद कैफ भी मसूरी पहुंचे थे। मेहमानों को नाश्ते में कानपुर की स्पेशल खस्ता कचौड़ी और दाल के बड़े परोसे गए। अब शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी हैं और देर रात तक जश्न का माहौल रहा। सुबह तक ज्यादातर मेहमान मसूरी से वापस लौट जाएंगे।
चहल ने लगाई हल्दी, ढोल की थाप पर किया डांस
शुक्रवार सुबह 11 बजे से हल्दी की रस्म शुरू हुई, जो दोपहर करीब 2 बजे तक चली। इस दौरान होटल परिसर में जश्न का माहौल बना रहा। हल्दी समारोह में युजवेंद्र चहल सबसे ज्यादा चर्चित रहे। चहल कभी कुलदीप यादव के चेहरे पर हल्दी लगाते दिखे तो कभी ढोल की थाप पर जमकर डांस करते नजर आए। हल्दी की रस्म के बाद कुलदीप यादव और वंशिका सिंह ने भी मेहमानों के साथ डांस किया।
हल्दी के बाद मेहमानों के लिए शाही दावत
हल्दी समारोह के बाद मेहमानों के लिए होटल में खास लंच का इंतजाम किया गया था। बताया जा रहा है कि इस दावत में एक थाली की कीमत 20 हजार रुपए से ज्यादा थी। शादी के लिए प्लैटिनम और गोल्ड मेन्यू तैयार किए गए हैं, जिनमें वेज और नॉनवेज दोनों तरह के व्यंजन शामिल हैं। मेहमानों के लिए अलग-अलग तरह के प्रीमियम सलाद, सूप, स्नैक्स और मुख्य व्यंजन परोसे जा रहे हैं।
बार मेन्यू में भी देश-विदेश के महंगे ब्रांड शामिल किए गए हैं। इसमें 40 हजार रुपए की डॉम पेरिग्नॉन शैम्पेन, 35 हजार रुपए तक की सिंगल माल्ट स्कॉच और कई प्रीमियम वाइन शामिल थे। कुलदीप यादव अपनी बारात के दौरान पारंपरिक दूल्हे के अंदाज में नजर आए। उन्होंने सुनहरी कढ़ाई वाली शेरवानी, भारी ज्वेलरी और सिर पर साफा पहन रखा है। दूल्हे के लुक में कुलदीप काफी शाही दिखाई दे रहे हैं।
चारों ओर बारातियों की भीड़ है, जो खुशी में हाथ उठाकर जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। कई लोग मोबाइल से इस खास पल को कैद करते दिखे। कुलदीप भीड़ के बीच चलते हुए दिखाई दे रहे हैं और शादी की रस्मों के बीच शांत और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।
पीछे लकड़ी के डिजाइन वाला खूबसूरत मंडप और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा वेडिंग सेटअप दिखाई दे रहा है, जो पूरे माहौल को शाही और उत्सवमय बना रहा है। बारात में शामिल मेहमान पारंपरिक और फॉर्मल ड्रेस में नजर आ रहे हैं, जिससे शादी का माहौल और भी भव्य दिख रहा है।
परंपरागत अंदाज में परिवार के बड़े-बुजुर्ग और रिश्तेदार दूल्हे के सिर पर साफा बांधकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस रस्म के साथ ही बारात की तैयारियां भी तेज हो गई हैं और पूरे माहौल में उत्साह और पारंपरिक रंग साफ नजर आ रहा है। कुलदीप और वंशिका एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से संबंध हैं। दोनों की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। यह समारोह परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में किया गया था।
कुलदीप उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं, जबकि वंशिका लखनऊ की हैं। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और अब दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कुलदीप और वंशिका की शादी के लिए एक खास हैशटैग भी बनाया गया है- रुज्ञनसअंदेी। यह हैशटैग कुलदीप के नाम के ‘कुल’ और वंशिका के नाम के ‘वंश’ को मिलाकर बनाया गया है।
डिजिटल वेडिंग कार्ड में भी इसी हैशटैग का इस्तेमाल किया गया है और माना जा रहा है कि शादी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर इसी हैशटैग के साथ शेयर किए जाएंगे।
शादी का डिजिटल इन्विटेशन कार्ड भगवान गणेश की वंदना से शुरू होता है और इसे रॉयल थीम के साथ डिजाइन किया गया है। कार्ड में कुलदीप और वंशिका के एनिमेटेड अवतार भी दिखाई देते हैं, जिसने इसे और आकर्षक बना दिया है।
