मेजारोड, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मेजारोड बाजार के सिरसा मार्ग पर सोरांव गांव स्थित अंडरपास पुलिया से आवागमन मुसीबत बन रहा है। आए दिन जाम का झाम रहता है। गुरुवार को चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन गंगा स्नान को आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी फजीहतों का सामना करना पड़ा। सुबह से दोपहर तक घंटों जाम में वाहन सवार फंसे रहे। इसी तरह प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग के मेजारोड बाजार के मुख्य चौराहे पर व पटेल चौराहे पर भी भीषण जाम रहा।
क्षेत्र के सिरसा मार्ग में सड़क यातायात अंडरपास पुलिया के आगे सोरांव गांव के समीप सड़क मोड़ संकरे वैकल्पिक रास्ते पर निर्भर है। अन्य कोई मार्ग उपलब्ध नहीं है। इधर चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन गंगा स्नान को आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को लेकर यातायात भार अधिक है। अंडरपास के आगे संकरे रास्ते पर सुबह से दोपहर तक में दोनों ओर से वाहनों के आने से जाम लग गया। कुछ देर में बाइकों की कतार दोनों ओर लग गई। उधर सोरांव गांव तक, इधर मेजारोड चौराहे तक बाइकों व वाहनों की कतार लग गई। जाम स्नानार्थियों से भरे पिकअप, ट्रैक्टर ट्राली, कार सहित कई वाहन जाम में फंसे रहे। इधर पटेल चौराहे से बाइपास रास्ते पर नाली निर्माण के चलते रास्ता अवरूद्ध किया गया है जिसके चलते भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है।

