मेजा, प्रयागराज (विमल पाण्डेय)। देश की विश्वसनीय केयर रेटिंग एजेंसी केयर एज रेटिंग्स लिमिटेड ने एमयूएनपीएल की क्रेडिट रेटिंग को अपग्रेड कर दिया है। मेज़ा ऊर्जा निगम प्राइवेट लिमिटेड, एनटीपीसी लिमिटेड और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड का संयुक्त उद्यम है। क्रेडिट रेटिंग में हुआ यह सुधार कंपनी के अच्छे संचालन, स्थिर वित्तीय स्थिति और भारतीय बिजली क्षेत्र के मजबूत नियामक ढांचे को दर्शाता है।
केयर एज रेटिंग्स लिमिटेड ने एमयूएनपीएल की दीर्घकालिक बैंक सुविधाओं की रेटिंग को CARE A+; Stable से बढ़ाकर CARE AA-; Stable कर दिया है। इसके अलावा, अल्पकालिक बैंक सुविधाओं की रेटिंग को CARE A+; Stable / CARE A1 से बढ़ाकर CARE AA-; Stable / CARE A1+ कर दिया गया है।
यह रेटिंग सुधार एमयूएनपीएल के लगातार अच्छे संचालन, मजबूत वित्तीय अनुशासन और बेहतर नकदी स्थिति को दर्शाता है। कंपनी को अपने प्रमोटरों- एनटीपीसी लिमिटेड और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के अनुभव और प्रबंधन क्षमता का भी लाभ मिलता है, जिससे उसका कामकाज स्थिर बना रहता है। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि MUNPL का मजबूत वित्तीय और परिचालन प्रदर्शन राज्य में बिजली आपूर्ति को और भरोसेमंद बनाएगा तथा आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे के विकास को समर्थन देगा। इस उपलब्धि को रेखांकित करते हुये एमयूएनपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जी श्रीनिवासा राव ने कहा कि ‘क्रेडिट रेटिंग में यह सुधार हमारे बेहतर संचालन, तकनीकी भरोसेमंदी और सभी हितधारकों के लिए लंबे समय तक मूल्य संवर्द्धन के हमारे प्रयासों को दर्शाता है।‘
एमयूएनपीएल के मुख्य वित्तीय अधिकारी अंशु बरुआ ने इस अवसर पर कहा कि ‘बेहतर क्रेडिट रेटिंग हमारी मजबूत वित्तीय स्थिति को दिखाती है, जो स्थिर नकदी प्रवाह, जिम्मेदार तरीके से कर्ज कम करने और बेहतर संचालन के कारण संभव हुआ है।‘ यह रेटिंग सुधार एमयूएनपीएल की दीर्घकालिक प्रगति और वित्तीय मजबूती के प्रति निवेशकों, ऋणदाताओं और अन्य हितधारकों के विश्वास को बढ़ाएगा।
