प्रयागराज (राजेश सिंह)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात दारोगा की कार को अराजकतत्वों ने आग के हवाले कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। हालांकि तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से घटना को अंजाम देने वाले अराजकतत्वों की पहचान का प्रयास कर रही है।
थरवई थाना क्षेत्र के 40 नंबर गुमटी के कोड़सर मार्ग स्थित कृष्णापुरी कॉलोनी निवासी अजय नाथ गहलौत श्रीनगर के पुलवामा में सीआरपीएफ की 185 बटालियन में दारोगा पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी संयोगिता गहलौत बच्चों के साथ कॉलोनी स्थित अपने मकान में रहती हैं। घर तक समुचित रास्ता नहीं होने के कारण उनकी सेंट्रो कार मकान से कुछ दूरी पर खड़ी की जाती थी।
कार जलकर हो गई राख
बताया गया है कि मंगलवार देर रात करीब सवा 12 बजे अराजकतत्वों ने अजय नाथ गहलौत कार में आग लगा दी। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में जलकर राख हो गई।
अराजकतत्वों की पहचान का प्रयास कर रही पुलिस
सूचना पर थरवई पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल गई थी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रहे है ताकि कार में आग लगाने वाले अराजकतत्वों की पहचान हो सके।
