Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

नारीबारी: पिकअप की टक्कर से युवक की मौत

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। जनपद के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नारीबारी बाजार से शंकरगढ़ रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के भगदेवा गांव निवासी रावेंद्र सिंह पुत्र इंदल सिंह ने बताया कि उनके चचेरे भाई सुभाष सिंह पुत्र शीतला प्रसाद सिंह किसी कार्य से नारीबारी बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह नारीबारी बाजार के समीप पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुभाष सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में सुभाष सिंह ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सुभाष सिंह दो भाइयों में बड़े थे और परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर थीं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप वाहन और चालक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad