वाराणसी के नमो घाट से सकुशल बरामद
प्रयागराज (राजेश सिंह)। जनपद के मांडा थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम प्रतीक के अपहरण का मामला आखिरकार सुलझ गया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मासूम का अपहरण फिरौती के लिए नहीं, बल्कि पुरानी खुन्नस और निजी रंजिश के कारण किया गया था।
जानकारी के अनुसार प्रतीक की मां आरती का मायका करछना थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपहरण के पीछे जिन लोगों का हाथ है, वे उसी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं और परिवार से पहले से परिचित हैं।
मासूम के बरामद होने के बाद पुलिस ने उससे सावधानीपूर्वक पूछताछ की। बच्चे ने बताया कि उसे उसके मामा और उनके कुछ साथियों ने अपने साथ ले लिया था। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले का खुलासा नहीं कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने प्रतीक की मां आरती को फोन भी किया था। मां ने उस नंबर को पहले से ही ब्लॉक कर रखा था। जब पुलिस ने मोबाइल की जांच की तो उसी नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का सुराग मिला। तकनीकी जांच में मोबाइल की लोकेशन वाराणसी में ट्रेस हुई।
इसके बाद प्रयागराज पुलिस की टीमें वाराणसी पहुंचीं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। रात भर पुलिस और बदमाशों के बीच लोकेशन के आधार पर चूहे-बिल्ली का खेल चलता रहा। पुलिस लगातार लोकेशन ट्रैक करती रही और टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी। आखिरकार जब मोबाइल की लोकेशन वाराणसी के नमो घाट के आसपास मिली तो पुलिस ने वहां घेराबंदी कर दी। पुलिस की सक्रियता देखकर बदमाश घबरा गए और बच्चे को वहीं छोड़कर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी जारी है। वहीं एक पुलिस टीम बच्चे को लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गई। मासूम प्रतीक की सकुशल बरामदगी की खबर जैसे ही उसके परिवार और गांव तक पहुंची, वहां खुशी की लहर दौड़ गई। कई दिनों से चिंता में डूबे परिजनों ने राहत की सांस ली। घर पर जमा ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने मिठाइयां बांटीं और “पुलिस जिंदाबाद” के नारे लगाए। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और अपहरण के पीछे की पूरी साजिश सामने लाई जाएगी।
