प्रयागराज (राजेश सिंह)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने वैवाहिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और वरवधू को आशीर्वाद दिया। सीएम का यह कार्यक्रम पूरी तरह से निजी था। वह मीडियाकर्मियों और स्थानीय नेताओं से भी नहीं मिले। वह करीब दो घंटे तक प्रयागराज में रहे। लखनऊ से हवाई मार्ग से वह करीब छह बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से कार से वह एयर वाइस मार्शल अमन कपूर के एयरफोर्स स्टेशन बमरौली स्थित आवास पर पहुंचकर उनकी पुत्री की शादी में शिरकत की।
यहां करीब आधा घंटे रहने के बाद सीएम कार से पुराने यमुना ब्रिज के निकेट बोट क्लब त्रिवेणी दर्शन पहुंचे। यहां इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जस्टिस समित गोपाल के पुत्र के विवाह के बाद आयोजित प्रीति भोज में हिस्सा लिया। यहां कुछ देर रहने के बाद करीब आठ बजे बमरौली एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक बंदोबस्त किया गया है।
सीएम योगी यमुना बैंक रोड पर स्थित त्रिवेणी दर्शन गेस्ट हाउस में आयोजित जस्टिस समित गोपाल के बेटे की शादी के बाद आयोजित आशीर्वाद समारोह में हिस्सा लिया। सीएम के आगमन के आधा घंटा पहले ही यमुना बैंक रोड पर मनकामेश्वर मंदिर मोड़ से ही आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया। लोगों को घरों में कैद कर दिया गया और उनके घरों के बाहर हरा पर्दा और टीन लगा दिया गया। गेस्ट हाउस के आसपास खड़ी भीड़ को भी खदेड़कर अंदर कर दिया गया। योगी के आने के ऐन मौके पर गेस्ट हाउस के सामने मुहल्ले में लगातार तेज आवाज में पटाखे बजने और रॉकेट छुड़ाने पर सीएम की सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई। पुलिसकर्मियों ने मुहल्ले में जाकर लोगों को समझाया तब जाकर पटाखे फोड़ना बंद किया गया। इसको लेकर काफी देर तक अफरातफरी मची रही।
