![]() |
| तालाब में हो रही तलाश |
पुलिस कर रही तलाश पर 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं
प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनापार के बारा थाना क्षेत्र के गन्ने पहाड़ से सोमवार सुबह संदिग्ध दशा में दो वर्षीय बालिका गायब हो गई। घरवालों ने हर संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन की। जब पता नहीं चला तो मंगलवार को पुलिस को जानकारी दी। पुलिस की दो टीमें बालिका की तलाश कर रही हैं। तालाब में भी गोताखोरों को लगाकर ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी होने पर एसीपी और इंस्पेक्टर शंकरगढ़ भी जांच-पड़ताल को पहुंचे।
गन्ने पहाड़ पर रहने वाले रवि लाल मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दो वर्ष की पुत्री सोमवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच वह अचानक गायब हो गई। कुछ देर बाद जब परिवार वालों को वह नहीं दिखी तो इधर-उधर ढूंढने लगे। आसपास रहने वालों के यहां उसे तलाशा, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार दोपहर बारा पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस की दो टीमें बालिका की तलाश में लग गई हैं। बारा थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। बालिका को तलाशा जा रहा है। घरवालों ने किसी पर कोई संदेह नहीं जताया है।
