ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर उतरे लोग
लखनऊ (राजेश सिंह)। भारत ने लगातार दूसरी बार आईसीसी टी-20 विश्व कप के फाइनल में जगह पक्की की। गुरुवार को हुए बेहद रोमांचक सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने जैसे ही इंग्लैंड को हराया लखनऊ में घरों से लेकर सड़क तक क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही शहर के कई इलाकों में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। युवाओं और क्रिकेट प्रशंसकों ने सड़कों पर निकलकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई।
मैच खत्म होते ही हजरतगंज, गोमतीनगर, अलीगंज और चौक समेत कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। युवाओं ने तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए और टीम इंडिया की जीत का उत्सव मनाया। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाले गए और लोगों ने 'इंडिया-इंडिया' के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि सेमीफाइनल में टीम इंडिया का प्रदर्शन जबर्दस्त रहा। बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन ने भारतीय टीम को शानदार जीत दिलाई और फाइनल का टिकट पक्का किया। मैच के निर्णायक क्षणों में भारतीय खिलाड़ियों खासकर, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की सटीक गेंदबाजी ने इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुंचने नहीं दिया।
शहर के कई कैफे, रेस्टोरेंट और केडी सिंह बाबू स्टेडियम में भी मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। जैसे ही भारत की जीत तय हुई, वहां मौजूद लोगों ने तालियों और नारों के साथ खुशी जाहिर की। कई जगहों पर लोगों ने पटाखे जलाकर जीत का जश्न मनाया।
आखिरी तीन ओवर के दौरान धड़कन बढ़ गई
उत्तर प्रदेश रणजी टीम के फिरकी गेंदबाज जीशान अंसार ने कहा, यह जीत बेहद खास है। संजू सैमसन एकदम सही समय पर फार्म में वापसी किए हैं और हम एक बार फिर विश्व चैंपियन बनने जा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि टीम इंडिया इसी जोश के साथ फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन कर विश्व कप जीतने में सफल होगी।
जसप्रीत बुमराह तो अद्भुत हैं। जीशान कहते हैं, इस मैच में आखिरी के दो ओवर बेहद मुश्किल थे, लेकिन 18वें ओवर में बुमराह और फिर हार्दिक ने भारत की जीत सुनिश्चित की। अमूमन ऐसी पिच पर 250 का स्कोर भी सुरक्षित नहीं होता है।
