Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

फायरिंग-बम से हमला करने वाला आरोपी पुराना बमबाज

sv news

प्रयागराज में महंत नरेंद्र गिरी के शिष्य, रेस्टोरेंट पर भी कर चुका है बमबाजी, जेल भेजा गया

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में मंगलवार आधी रात मैरिज लॉन के बाहर फायरिंग और बमबाजी की घटना के एक आरोपी के बारे में अहम जानकारी सामने आई है। पता चला है कि उसका फायरिंग और बमबाजी करने का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। 2022 में वह महंत नरेंद्र गिरी के शिष्य निर्भय द्विवेदी पर भी हमला कर चुका है। इसके अलावा 2023 में उसने एक रेस्टोरेंट पर भी ताबड़तोड़ बम चलाए थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपी का नाम आशुतोष सिंह है, जो प्रतापगढ़ के सांगीपुर का रहने वाला है। महज 20 साल के इस बदमाश पर पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गाली-गलौज, मारपीट, धमकी, बमबाजी और फायरिंग समेत अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 4 जुलाई 2022 को उसने दारागंज में बड़े हनुमान मंदिर के पास अपने कई साथियों के साथ मिलकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी के शिष्य निर्भय कुमार द्विवेदी पर फायरिंग की थी और बम से हमला भी किया था।

इसके अलावा 24 फरवरी 2023 को उसने जाट टाउन में लिडिल रोड स्थित एलडराडो रेस्टोरेंट पर रात करीब 9:30 बजे ताबड़तोड़ बमबाजी की थी। रेस्टोरेंट मालिक संदीप पांडेय ने आरोप लगाया था कि उसके भतीजे सुजल सिंह से हुए विवाद को लेकर आशुतोष और उसके साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें उसकी दो कारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। फिलहाल कीडगंज पुलिस ने बैरहना में मैरिज लॉन के बाहर ऋतिक मिश्रा और सतीश पांडेय नाम के दो युवकों पर फायरिंग और बमबाजी के मामले में आशुतोष सिंह और उसके साथी विभव प्रताप सिंह निवासी खीरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह वारदात 10 मार्च की रात कीडगंज के बैरहना में पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई थी। गऊघाट निवासी राजन पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी ऋतिक मिश्रा निवासी दारागंज और सतीश पांडेय निवासी मांडा के साथ सोहबतियाबाग पेट्रोल पंप पर कार में डीजल भरवाने गया था।

वहां से लौटते समय जार्जटाउन में थाने के पीछे वाली गली में कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया, जो असलहे और बम से लैस थे। उन्होंने पहले उन्हें धमकाया और बाद में बैरहना में परिणय गेस्ट हाउस के सामने रोककर फायरिंग और बमबाजी की। इसके बाद उनकी बेरहमी से पिटाई भी की। फायरिंग में ऋतिक मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। आधी रात हुई इस वारदात से कीडगंज इलाका दहल उठा था।

एसीपी कर्नलगंज राजीव कुमार यादव ने बताया कि घटना के बाद रात में ही नाकेबंदी कराई गई। कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad