प्रयागराज (राजेश सिंह)। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जिन केंद्रों पर होना है, वह भी 14 एवं 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की उप निरीक्षक (एसआइ) लिखित परीक्षा के लिए केंद्र बने हैं। ऐसे में यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए पहुंचाए जाने में रुकावट है। अब मूल्यांकन के लिए उत्तर पुस्तिकाएं एसआइ भर्ती परीक्षा संपन्न होने के बाद पहुंचाई जाएंगी। इस तरह 16 मार्च से कॉपियां मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचाई जाएंगी।
बोर्ड सचिव ने सभी जिविनि संग ऑनलाइन बैठक की
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं गुरुवार को संपन्न हो गईं। इसी के साथ यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने मूल्यांकन कराए जाने के संबंध में प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों के साथ आनलाइन बैठक की। इसमें बताया गया कि एसआइ भर्ती परीक्षा के कारण यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचाने के लिए समय कम मिलेगा।
17 मार्च तक उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन पहुंचा दी जाएं
ऐसे में तैयारी इस तरह रखी जाए कि 17 मार्च तक उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए पहुंचा दी जाएं। इसके अलावा 15 मार्च को एसआइ भर्ती परीक्षा संपन्न के बाद शाम को भी हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचाई जा सकती है। बैठक में मूल्यांकन के लिए जारी दिशा निर्देशों की जानकारी देने के साथ उसका अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया।
परीक्षकों के पास अनिवार्य रूप से परिचय पत्र रहे
सचिव ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षकों के पास अनिवार्य रूप से परिचय पत्र रहे। बिना परिचय पत्र के किसी को भी केंद्र् में प्रवेश की अनुमति न दी जाए। यह भी बताया गया कि जिन उत्तरपुस्तिकाओं में रुपये मिलें, उनका मूल्यांकन न किया जाए। केंद्रों पर पुलिस व्यवस्था समन्वय बनाकर सुनिश्चित कराई जाए। राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से मूल्यांकन कार्यों की आनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी की क्रियाशीलता अवश्य सुनिश्चित की जाए। मूल्यांकन के लिए जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) से बिंदुवार अवगत कराया गया।
