प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के सराय इनायत क्षेत्र के पट्टी छीट गांव में मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात हुई। यहां अपने दो बच्चों के साथ सो रही 32 वर्षीय संगीता की हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह घटना का पता चलने पर खलबली मच गई। हत्या का आरोप पति शैलेश कुमार पर लगा है। वह घर छोड़कर भागा हुआ है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। कत्ल का कारण अभी साफ नहीं हो सका है।
बताया गया है कि पट्टी छीट गांव निवासी शैलेश कुमार पेंटिंग का काम करता है। घर में उसकी पत्नी संगीता अपने 12 साल के बेटे शिवम और छह वर्षीय सिद्धार्थ के साथ मंगलवार रात सो रही थी। बुधवार सुबह गांव की अनुपमा राव उसके घर पहुंची और फसल की कटाई करने के लिए आवाज दी। मगर कोई उत्तर नहीं मिला।
दरवाजा खटखटाने पर बच्चे बाहर आए और फिर मां को जगाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं उठी। तब अनुपमा भीतर गई तो संगीता की हालत देख दंग रह गई। उसके सिर पर चोट के निशान थे और खून बहा था। हत्या का पता चलने ही ग्रामीणों भीड़ जुट गई। सरायइनायत थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर बच्चों से पूछताछ की। तब बेटे सिद्धार्थ ने बताया कि रात को उसकी नींद खुली तो मां का गला पिता ने दबा रखा था। पिता ने डांटकर उसे सुला दिया था।
थानाध्यक्ष सरायइनायत संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति ने ही अपनी पत्नी संगीता का कत्ल किया है। उसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
