मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर के संतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बहनोई की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा लालगंज–कलवारी संपर्क मार्ग पर मालुआ गांव के पास रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मड़िहान थाना क्षेत्र के बहरपेड़ा गांव निवासी रामआसरे कोल (22) अपने बहनोई मनोज कोल (35) के साथ पटेहरा कला में रिश्तेदारी में गए थे। रात में दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे मालुआ गांव के पास पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पटेहरा ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. राजकुमार ने जांच के बाद मनोज कोल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामआसरे की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मनोज कोल अपने परिवार का सहारा था, उसकी अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। घायल रामआसरे के बेहतर इलाज के लिए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने बताया कि दोनों युवक मड़िहान थाना क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
