मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मीरजापुर में प्रधान पति राजीव उर्फ रिंकू सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
यह घटना 11 अप्रैल 2026 की सुबह थाना को कटरा क्षेत्र के सद्भावनानगर में हुई थी। लगभग 40 वर्षीय राजीव उर्फ रिंकू सिंह, जो देवरी विरोही, थाना विंध्याचल, मीरजापुर के निवासी और ग्राम देवरी के प्रधान पति थे, की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना को0 कटरा में दो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। नामजद अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई थीं ।
थाना को0कटरा पुलिस रॉबर्ट्सगंज तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस पार्टी ने उसका पीछा किया। पीएसी गेट के आगे सड़क पर उस व्यक्ति ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पार्टी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजेंद्र सोनकर पुत्र स्व. शोभा सोनकर, निवासी देवरी विरोही, थाना विंध्याचल, मीरजापुर बताया। वह थाना को0 कटरा में पंजीकृत मु0अ0सं0- 97/2026 में वांछित अभियुक्त था।
अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, आलाकत्ल सहित दो तमंचे, दो जिंदा और तीन खोखा कारतूस 12 बोर बरामद हुए हैं। घायल अभियुक्त राजेंद्र सोनकर को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय मीरजापुर भेजा गया है। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में कुल छह अभियोग पंजीकृत हैं। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का पुरस्कार भी घोषित था।
