Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: अवैध बालू खनन के खिलाफ में प्रशासन-पुलिस व खनन विभाग की छापेमारी, एक दर्जन ट्रक और कई डंपर सीज

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग की गुरुवार पूरी रात छापेमारी की कार्रवाई चली। गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार तक 119 ट्रकों का चालान किया गया, जिसमें एक दर्जन ट्रकों व डंपरों को सीज भी किया गया। अवैध बालू लादकर ले जा रहे जो ट्रक व डंपर सीज किए गए हैं, उनमें ज्यादातर का बीमा समाप्त है तो कई का फिटनेस भी खत्म था।

वहीं शुक्रवार को दिन में कई स्थानों पर गंगा व यमुना में अवैध बालू का खनन पकड़ा गया। नैनी के देवरख में पट्टा क्षेत्र के बाहर अवैध बालू खनन के मामले में पट्टाधारक जसरा ब्लाक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह के बेटे विकास सिंंह को नोटिस भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां पर सरिता कांस्ट्रक्शन के नाम खनन पट्टा है, जिसके प्रोपराइटर विकास हैं। एसडीएम करछना व आइएएस अधिकारी भारती मीणा ने देवरख, लवायन, मवैया कछार आदि स्थानों पर छापेमारी की।

गंगा और यमुना में अवैध रूप से बालू के खनन के खिलाफ कार्रवाई में अब तक लगभग 1.12 करोड़ रुपये का चालान काटा गया है, जिसमें मेजा के परानीपुर की पट्टाधारक शकुंतला देवी पत्नी पंजाब सिंह निवासी बिसेनपुर, मेजा तथा रमेश तिल्लूरी निवासी हैदराबाद का 50 लाख रुपये का चालान शामिल है। इसके अलावा 62 लाख रुपये का चालान ट्रकों व डंपरों का आनलाइन काटा गया है।

डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को चलाए गए अभियान में पांच टीमें शामिल थीं। नैनी क्षेत्र में यमुना में मोहब्बतगंज में पट्टाधारक को नोटिस जारी किया गया है। बसवार में अवैध खनन के खिलाफ माफिया के खिलाफ घूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसमें तीन लोगों को नामजद कराया गया तथा दर्जनों अज्ञात लोग शामिल किए गए।

वहीं कंजासा गांव में भी यमुना में अवैध खनन के मामले में माफिया को नामजद करते हुए घूरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दोनों मुकदमें खनन निरीक्षक वैभव सोनी की ओर से कराए गए हैं। बताया कि जिन स्थानों पर अवैध बालू का खनन पकड़ा गया है, वहां पर नायब तहसीलदार से पैमाइश करा दी गई है। पट्टाधारकों के साथ ही जो लोग बिना पट्टा के ही अवैध बालू का खनन करा रहे हैं, उन पर जुर्माना लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad