मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मेजा क्षेत्र की सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड डंपर खुलेआम दौड़ रहे हैं। नंबर प्लेट नहीं होने से हादसा होने पर इनको पकड़ना मुश्किल होता है। इसके अलावा ओवरलोड डंपर राजस्व को चूना भी लगा रहे हैं।
इसी तरह मेजारोड-कोहड़ार मार्ग पर बिना नंबर प्लेट व नंबर प्लेट पर नंबर छिपाए बालू से लदे ओवरलोड डंपर सड़क पर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। ऐसे डंपर आए दिन हादसों का कारण बन रहे और सड़कों के लिए काल बने हुए है। जिन पर पुलिस की भी कोई रोकटोक नहीं है। वहीं दूसरी ओर परिवहन विभाग गहरी नींद में सोया हुआ है। बालू खनन का संचालन परानीपुर घाट से किया जा रहा है। जहां से सैकड़ों की संख्या में बिना नंबर एवं नंबर प्लेट छिपाए हुए ओवरलोड वाहन दौड़ रहे हैं। बिना नंबर प्लेट के इन डंपरों का दौड़ना कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन डंपरों की रफ्तार बहुत तेज होती है और ये सड़क पर काफी लापरवाही से चलते हैं। बिना नंबर प्लेट के होने के कारण इनकी पहचान करना भी मुश्किल होता है, जिससे दुर्घटना होने पर आरोपियों पर कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है।
ओवरलोड बालू से भरे वाहनों के कारण इन डंपरों का वजन काफी बढ़ जाता है, जिससे मेजा क्षेत्र के सड़कों की हालत भी खराब हो रही है। सड़कों पर गड्ढे बनते जा रहे हैं, जिससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है। इस संबंध में परिवहन विभाग अधिकारी केतकी मिश्रा ने बताया कि जल्द ही अभियान चलाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।
