प्रयागराज (जितेंद्र शुक्ल)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रयागराज दक्षिण भाग के हनुमान नगर एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में रविवार को नववर्ष एवं शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न स्थानों पर स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्य वक्ता आरएसएस के प्रान्त प्रचारक रमेश ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 1925 से शुरू हुई इस यात्रा में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। संघ ने भारत की स्वतंत्रता के लिए कार्य किया और उसमें सफलता प्राप्त की। आजादी के बाद हमें भारत का जो पुनर्निर्माण करना था अपनी राष्ट्रीयता, अपनी परंपरा और हमारे पूर्वजों के दिखाए मार्ग के आधार पर उस राष्ट्र निर्माण का प्रारंभ संघ के संस्थापक, आद्य सरसंघचालक परम पूज्य डॉ केशव बलिराम हेडगेवार जी ने किया था।
संघ कार्य का विस्तार और उद्देश्य
वर्तमान में पूरे भारतवर्ष में 89,000 दैनिक शाखाएं
33,000 साप्ताहिक मिलन
13,000 मासिक मंडलियां लग रही हैं। इन 1,34,000 से अधिक गतिविधियों के माध्यम से हमने पूरे भारत से संपर्क और संवाद स्थापित किया है। पथ संचलन का उद्देश्य आज हम समाज के सामने यह प्रदर्शित करने जा रहे हैं कि हम अपने दैनिक जीवन के कार्यों के साथ साथ समाज और राष्ट्र की उन्नति का कार्य भी कर रहे हैं। यह कार्य केवल हमारा नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष का है। संपूर्ण समाज हमारे साथ कदम से कदम मिलाकर चले, इसी प्रेरणा और संदेश के साथ आज हमारा यह 'पथ संचलन' निकलने वाला है। यह पथ संचलन हमारे अनुशासन, हमारी एकता और संगठित शक्ति का प्रकटीकरण है। पथ संचलन का प्रारंभ एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर जानसन गंज चौराहा,
बड़ी स्टेशन, थाना शाहगंज, नखास कोना, चौक, कोठा पर्चा ,चंद्रलोक, हीवेट रोड, जानसनगंज चौराहा से होकर समापन एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संजीव, घनश्याम, शिवकुमार, विभाग प्रचारक सुबन्धु, विभाग कार्यवाह संजय, सह विभाग कार्यवाह आशीष मोहन, शिवप्रकाश, वीर कृष्ण, वसु, अवधेश, नरेन्द्र, बालकृष्ण, शीतल, मोहन जी टंडन, भाग कार्यवाह मनोज, सह भाग कार्यवाह विरेन्द्र, भाग प्रचारक देवदत्त और लगभग दो हजार की संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे।

