प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बोलेरो और अप्पे वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार करीब आधा दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। वे सभी थरवई के पांडेश्वरनाथ धाम से निशान चढ़ाकर, पूजन-अर्चन करने के बाद घर लौट रहे थे। पडिला–कमलानगर मार्ग स्थित शनिदेव मंदिर बेगहिया के समीप शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे बोलेरो और अप्पे वाहनों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार बहरिया थाना क्षेत्र के अहिराई निवासी सुभाष भारतीय अपने परिवार के सदस्यों के साथ पांडेश्वर नाथ धाम पंडिला महादेव मंदिर में निशान चढ़ाने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद सभी लोग बोलेरो डाला वाहन से वापस घर लौट रहे थे। वाहन में करीब एक दर्जन लोग सवार थे। बेगहिया स्थित शनिदेव मंदिर के पास कमला नगर की ओर से आ रहे अप्पे वाहन से बोलेरो की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना 108 एंबुलेंस व थरवई पुलिस को दी। घायलों में सुभाष भारतीय, संगीता देवी, प्रिया निवासी गोरापुर सिकंदरा तथा सबीना पत्नी निषाद निवासी लहटी समेत अन्य लोग हैं, जिनके नाम-पते की जानकारी नहीं हो सकी। सभी घायलों को ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
