Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

करछना में मानव तस्करी गिरोह का राजफाश

sv news


नाबालिग लड़कियों व युवतियों को जाल में फंसाकर बेच देती थी महिला सरगना
 प्रयागराज (राजेश सिंह)। जनपद के यमुनापार इलाके में बड़े पैमाने पर मानव तस्करी गैंग चल रहा था। करीब दो सप्ताह से बंधक बनाई गई एक किशोरी को छुड़ाते हुए यमुनानगर जोन की पुलिस ने काफी समय से चल रहे मानव तस्करी गिरोह का राजफाश किया है। 

गिरोह सरगना नैनी की रहने वाली है

मामले में गिरोह की सरगना शंकरढाल नैनी निवासी वीना उर्फ मालती, उसके सहयोगी कौंधियारा नौगुवा सलैया के सुनील कुमार पाल उर्फ सोनू और पतेरवा औद्योगिक क्षेत्र के राजेंद्र उर्फ शिवकुमार को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ करछना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

लड़कियों की तस्करी का फैलाया था नेटवर्क

शुुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला है कि वीना अपने सहयोगियों के साथ लंबे समय से लड़कियों की तस्करी का नेटवर्क चला रही थी। यह गिरोह नाबालिग लड़कियों और युवतियों को बहलाकर जाल में फंसाता था। इसके बाद उन्हें शादी कराने की बात कहते हुए दूसरे जिले और प्रदेश में बेच देते थे। मानव तस्करी में जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

करछना की किशोरी को स्टेशन पर छोड़ गया प्रेमी

बताया गया है कि करछना थाना क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी 24 अक्टूबर 2026 को अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। प्रेमी उसे नैनी के अरैल स्थित उसकी सहेली के घर छोड़कर चला गया। अगले दिन सहेली उसे घर जाने के लिए मेवालाल बगिया ले गई। वहां से प्रेमी उसे अपने साथ ले गया और मंदिर में रात बिताने के बाद अगले दिन छिवकी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चला गया।

वीना किशोरी को बेचने वाली थी

स्टेशन पर किशोरी की मुलाकात पतेवरा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद से हुई। किशोरी ने जब उसे आपबीती सुनाई तो राजेंद्र नैनी के कसाई मोहल्ले में रहने वाली वीना देवी उर्फ बुआ के घर ले गया। आरोप है कि महिला ने उसे बंधक बना लिया और राजस्थान में बेचने की तैयारी करने लगी। इसी दौरान किशोरी ने किसी तरह अपने प्रेमी को फोन करके मदद मांगी। तब प्रेमी ने करछना थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया।

गिरफ्तारी पर सामने आया मानव तस्करी का मामला

पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और फिर शंकरढाल मोहल्ले में पहुंचकर छापेमारी की। वहां बंधक बनाई गई किशोरी को छुड़ाया और वीना समेत तीन लोगों को पकड़ लिया। अभियुक्तों से पूछताछ में मानव तस्करी की बात सामने आई तो पुलिस भी हतप्रभ रह गई। तब सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तारी की गई। थाना प्रभारी करछना ने बताया कि सुनील अपने बहनोई की कार चलाता था। उसी कार से लड़कियों को राजस्थान, हरियाणा समेत दूसरे स्थान पर पहुंचाया जाता था।

हरियाणा, महोबा, राजस्थान में तीन लड़कियों को बेचा 

पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि गिरोह की सरगना और उसके सहयोगी अब तक तीन लड़कियों को हरियाणाा, महोबा और राजस्थान में बेचने की बात स्वीकार की है। गैंग में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जो लड़कियों को खरीदने और बेचने वालों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता थे। उनकी भी तलाश की जा रही है। इसके अलावा कार मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

एक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में करछना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसकी जांच को आगे बढ़ाया गया तो मानव तस्करी गिरोह का राजफाश हुआ। मुख्य आरोपित वीना समेत तीन की गिरफ्तारी की गई है। ऐसे ही मामले में वीना महाराजगंज से जेल जा चुकी है। पूरे नेटवर्क का पता लगाते हुए बाकी लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है।-मनीष शांडिल्य, डीसीपी यमुनानगर।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad