खेत में तरबूज तोड़ने को लेकर हुआ था विवाद
प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के सराय इनायत थाना क्षेत्र में तरबूज तोड़ने का विरोध करने पर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि कुछ दबंगों ने युवक का रस्सी से गला दबाकर उसे घायल कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
यह घटना 5 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे उत्तरी कोटवा, बगिया में हुई। प्रार्थिनी बिट्टी देवी पत्नी भोला नाथ ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी अजय और सुग्रीव, जो राज बहादुर के बेटे हैं, उनके खेत से तरबूज तोड़ रहे थे और कुचल रहे थे।
जब बिट्टी देवी के भतीजे जंग बहादुर पुत्र दुर्गा प्रसाद ने इसका विरोध किया, तो अजय और सुग्रीव ने अपने भाई अंगद को बुला लिया। तीनों ने मिलकर जंग बहादुर को गाली देना शुरू कर दिया और उसके घर में घुसकर मारपीट की।
बिट्टी देवी के अनुसार, अजय, सुग्रीव और अंगद ने जान से मारने की नीयत से रस्सी से जंग बहादुर का गला कसकर दबाया। बिट्टी देवी के शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
जंग बहादुर की गर्दन और आंख के पास चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। बिट्टी देवी ने सराय इनायत थाने में शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर दर्ज करने तथा मेडिकल जांच कराने की मांग की है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि थाना प्रभारी सराय इनायत ने उनसे पहले इलाज कराने को कहा और आश्वासन दिया कि कार्रवाई बाद में की जाएगी। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और न ही पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई की गई है। पीड़ित परिवार तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहा है।
