प्रयागराज (राजेश सिंह)। पिछले तीन वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहे 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात शराब तस्कर विकास सोरण को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज यूनिट ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त विकास आजमगढ़ जिले के देवगांव थाने से गैंग्सटर के मुकदमे में वांछित चल रहा था। वह हरियाणा के हिसार जिले के नारनोद, कोथकला का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी से गिरोह के दूसरे सदस्यों में खलबली मच गई है।
एसटीएफ इंस्पेक्टर जय प्रकाश राय ने बताया कि वांछित और इनामी अभियुक्तों की जानकारी जुटाने के दौरान शराब तस्कर के बारे में पता चला कि विकास हरियाणा में छिपा हुआ है। तब दारोगा रणेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अश्वनी कुमार सिंह, संतोष कुमार, रोहित सिंह, किशन चंद्र व सिपाही अखंड प्रताप पांडेय की टीम काे रवाना किया गया।
रविवार को टीम ने हरियाणा के जींद इलाके में घेरेबंदी करके इनामी अभियुक्त विकास को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि विकास का शराब तस्करी का एक सक्रिय गिरोह है, जो गैंग के सरगना सुनील कुमार के साथ मिलकर शराब तस्करी का कार्य पिछले कई वर्ष से कर रहा है।
गैंग के सदस्य यूपी के अलावा बिहार और झारखंड में भी शराब की खेप पहुंचाते हैं। पूर्व में सुनील कुमार के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध शराब पिकअप गाड़ी में लोड करके और घरेलू सामान की फर्जी बिल्टी पेपर बनवाकर ले जा रहे थे। तब आजमगढ़ पुलिस ने पकड़ लिया था। इसके बाद मुकदमा लिखकर कार्रवाई की गई थी।
तीन वर्ष पूर्व गैंग्सटर का मुकदमा भी दर्ज हुआ, जिसमें विकास वांछित चल रहा था। एसटीएफ इंस्पेक्टर ने यह भी बताया कि विकास के खिलाफ सिरसा, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में मुकदमे हैं। उसे ट्रांजिट रिमांड पर यूपी लाया जा रहा है।
