मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर पुलिस ने गो-तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत दो अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। अहरौरा थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में दोनों तस्करों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से 45 गोवंश और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अपराधों की रोकथाम और गो-तस्करी में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
गुरुवार को अहरौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग पैदल अहरौरा के जंगल के रास्ते चंदौली होते हुए बिहार गोवंश ले जा रहे हैं। सूचना पर अहरौरा पुलिस टीम ने बैजू बाबा तपस्थली जाने वाले रास्ते के दक्षिण जंगल (भल्दरिया) में, ग्राम हिनौता छातों के पास अभियुक्तों को रोका।
गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में अहरौरा पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो गो-तस्करों के पैर में गोली लगी।
घायल/गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामबच्चन यादव पुत्र रामअवतार यादव (निवासी लौंडा झांसी, थाना अलीनगर, जनपद चंदौली, उम्र करीब 37 वर्ष) और रामप्रकाश यादव पुत्र रामसूरत (निवासी ग्राम मुबारकपुर, थाना चकिया, जनपद चंदौली, उम्र करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त दो देशी कट्टे, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस, और वध हेतु पैदल ले जाए जा रहे कुल 45 गोवंश बरामद किए गए। इस संबंध में अहरौरा थाने में अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अहरौरा अजय कुमार मिश्रा और चौकी प्रभारी अहरौरा नगर आशीष सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल थे।
