मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मेजा क्षेत्र के खौर गांव में बुधवार देर शाम अज्ञात कारणों से गेहूं के गट्ठर में आग लग गई। इस घटना में किसान रामधनि कुशवाहा पुत्र स्व. बेचू राम कुशवाहा का लगभग तीन बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, खौर गांव में रामधनि कुशवाहा के घर के सामने लगभग तीन बीघा गेहूं का गट्ठर मड़ाई के लिए रखा गया था। देर शाम अचानक इसमें आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आसपास के लोग आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उनके पहुंचने से पहले ही गेहूं का पूरा गट्ठर जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था।
