मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर में साइबर सेल ने एक व्यक्ति के खाते से गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 11,100 रुपये वापस दिलवाए हैं। यह राशि यूपीआई के माध्यम से स्थानांतरित हुई थी। अघौली थाना को0देहात निवासी ओमप्रकाश यादव ने 20 मई 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि यूपीआई के जरिए गलती से 11,100 रुपये एक अज्ञात व्यक्ति के खाते में चले गए थे। शिकायत मिलते ही थाना को0 देहात की साइबर सेल टीम ने जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने कार्रवाई की। टीम ने संबंधित बैंक और व्यक्ति से संपर्क स्थापित कर पूरी धनराशि 11,100 रुपये आवेदक के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी। धनराशि वापस मिलने पर आवेदक ओमप्रकाश यादव ने मिर्जापुर पुलिस के अधिकारियों और साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया। इस दौरान, आवेदक को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन भुगतान करते समय सावधानी बरतने और दूसरों को भी साइबर ठगी से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली देहात साइबर सेल टीम के निरीक्षक अमित मिश्रा (प्रभारी निरीक्षक), उपनिरीक्षक तेरसू सिंह यादव (साइबर सेल प्रभारी) और महिला आरक्षी प्रियंका सिंह शामिल थीं।
