प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के मऊआइमा क्षेत्र में शनिवार सुबह रिश्तों को शर्मशार करने वाली घटना हुई। बादलपुर (कहली) गांव मुंबई से लौटते ही फर्नीचर कारोबारी 45 वर्षीय संतोष विश्वकर्मा पुत्र नंदलाल विश्वकर्मा को उसके छोटे भाइयों ने फावड़े से हमला करके मौत के घाट उतार दिया। जमीन के विवाद में हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपित मौके से भाग निकले। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
बताया गया है कि संतोष विश्वकर्मा मुंबई में रहकर फर्नीचर व लकड़ी का कारोबार करता था। आज शनिवार की सुबह ही वह मुंबई से अपने घर पहुंचा था। पहुंचने के तुरंत बाद ही छोटे भाई विनोद, अशोक उर्फ बुदुल से मकान बनाने को लेकर जमीनी विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान संतोष के छोटे भाई विनोद और अशोक ने कुल्हाड़ी, फावड़े से हमला कर दिया। इससे संतोष कुमार के सिर और गले मे गंभीर चोटे आई, जिससे वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा और कुछ ही समय बाद मौके पर उसकी मौत हो गई।
घटना के दौरान बीचबचाव करने संतोष की पत्नी अर्चना आई तो उसे भी आरोपितों ने मारपीट कर घायल कर दिया। संतोष के दो छोटे बेटे हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार हत्यारोपितों की तलाश में जुटी है।
