![]() |
| पुलिस सांकेतिक फोटो |
मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर जिले के अस्पताल चौकी के अंदर पुलिस की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने चार नामजद समेत कई अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार की रात ई-रिक्शा चालक से मारपीट के बाद अस्पताल चौकी में मामला पहुंचा, जहां ई- रिक्शा चालक पक्ष के लोगों ने चौकी में युवकों की पिटाई की। इसके बाद युवकों की तरफ से आए लोगों ने पुलिस पर पिटाई करने वालों को भगाने का आरोप लगाते हुए पुलिसकर्मियों को ही पीट दिया।
सीओ सिटी विवेक जावला ने बताया कि शहर क्षेत्रान्तर्गत पुलिस चौकी सदर अस्पताल के पास घटित घटना के संबंध में चौकी प्रभारी सदर अस्पताल उप निरीक्षक मनोज कुमार राय की लिखित तहरीर पर भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी निवासी ग्राम मेवली देहात कोतवाली व विक्की उर्फ हरेन्द्र प्रताप निवासी रामबाग थाना कोतवाली शहर नामजद तथा कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया। भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी व विकास त्रिपाठी को गिरफ्तार किया गया।
