Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज में निलंबन से नाराज विद्युत विभाग के अवर अभियंता टॉवर पर चढ़े, मचा हड़कंप

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। करंट लगने से प्राइवेट लाइनमैन की मौत के बाद निलंबित किए गए अवर अभियंता अभय यादव बृहस्पतिवार को जार्जटाउन स्थित आफिस में टॉवर पर चढ़ गए। इससे विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर तमाम अधिकारी पहुंच गए और उनसे नीचे उतरने की गुजारिश कर रहे हैं। अवर अभियंता नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हैं और आत्महत्या करने जैसा ईशारा कर रहे हैं। 
झूंसी में मंगलवार की रात चलती लाइन पर जंफर खोलते समय करंट लगने से प्राइवेट लाइनमैन रामू कुशवाहा की मौत हो गई थी। इस मामले में पहले सरकारी लाइनमैन रमेश और फिर अवर अभियंता अभय यादव को सस्पेंड कर दिया गया। निलंबन की कार्रवाई अभय यादव को नागवार गुजरी। बृहस्पतिवार की शाम को वह शहर के जार्ज टाउन स्थित आफिस में टॉवर पर चढ़ गए। इससे विभाग में खलबली मच गई। 
सूचना पाकर मौके पर विभाग के आला अफसर के साथ ही कई अवर अभियंता भी पहुंच गए। सभी लोग लगातार टॉवर पर चढ़े अवर अभियंता अभय यादव को नीचे उतारने की गुजारिश कर रहे हैं, लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हैं और आत्महत्या करने जैसा ईशारा करते रहे। इससे अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया। जेई को नीचे उतरने के लिए लोग आग्रह करते रहे। घटना को लेकर विभागीय कर्मचारियों में अधिकारियों के प्रति आक्रोश देखा गया। रात आठ बजे तक वह नीचे नहीं उतरे थे। कर्मचारी और अधिकारी उतरने की गुजारिश करते रहे।
जॉर्ज टाउन पावर हाउस परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब निलंबन से आहत जूनियर इंजीनियर (जेई) अभय यादव परिसर में स्थित टावर पर करीब पांच बजे के करीब चढ़ गए और उतरने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची जॉर्ज टाउन पुलिस ने काफी प्रयास किया, लेकिन वह देर तक नीचे आने को तैयार नहीं हुए।
मौके पर मौजूद बिजली कर्मियों ने बताया कि विभाग में कर्मचारियों और मैनपावर की भारी कमी है, जिससे रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि इसी दबाव के चलते पहले भी कई कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। बताया गया कि पूर्व में भानु प्रताप यादव को भी एक हादसे के बाद चार महीने के लिए सस्पेंड किया गया था, जब एक व्यक्ति नशे की हालत में लाइन पर चढ़ गया था और उसकी मौत हो गई थी और एस डी ओ को भी सस्पेंड किया गया था।
कर्मचारियों के अनुसार, हाल ही में जेई अभय यादव पर हुई कार्रवाई से वह मानसिक रूप से आहत थे। इसी के विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के दौरान पुलिस और विभागीय अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास जारी रखा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad