प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के करछना विकास खंड में मत्स्य विभाग के एक कार्यक्रम के दौरान एक महिला फील्ड डेवलपमेंट ऑफिसर (एफडीओ) ने अपने उच्चाधिकारी पर अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया है। एफडीओ रुमा बानो ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। यह घटना 30 मई 2026 को हुई।
रुमा बानो के अनुसार, वह अपनी खराब तबीयत के बावजूद विकास खंड करछना में मत्स्य मंत्री के कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान डीडी विजय पाल उनके पास आए और एनएफडीपी कैंप के स्थान को लेकर उनसे तेज आवाज में बात करने लगे। रुमा बानो का आरोप है कि डीडी विजय पाल शराब के नशे में थे और उन्होंने उनसे अभद्र भाषा का प्रयोग किया, साथ ही निलंबन की धमकी भी दी।
एफडीओ रुमा बानो ने बताया कि वह कार्यक्रम में दुर्घटना बीमा का कैंप लगाकर मत्स्य पालकों का बीमा कर रही थीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एनएफडीपी कैंप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विजय प्रकाश शुक्ला द्वारा लगाया गया था और सभी मिलकर व्यवस्थाएं संभाल रहे थे। रुमा बानो ने अपने प्रार्थना पत्र में उच्चाधिकारियों से इस मामले पर गंभीरता से विचार करने और न्यायोचित कार्रवाई करने का विनम्र निवेदन किया है। उन्होंने अपनी शिकायत में डीडी विजय पाल पर शराब पीकर दुर्व्यवहार करने का आरोप दोहराया है।
