प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र के खुदा बख्श का पूरा गांव के सामने बुधवार रात एक तीन पहिया मालवाहन चालक की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। उसकी लाश वाहन के भीतर मिली। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे वाहन खड़ा देखा तो इसका पता चला।
भगवतीपुर गांव निवासी 55 वर्षीय नोखेलाल तीन पहिया मालवाहक चलाता था। बुधवार को दिन में वह वाहन में बकरा लादकर शहर गया था। रात को वहां से दो बोरी मिर्च लादकर घर लौट रहा था। देर रात तक घर न लौटने पर स्वजन ने फोन लगाया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
गुरुवार सुबह खुदा बख्श का पूरा गांव के लोग निकले तो सड़क किनारे मालवाहक को खड़ा देख कुछ संदेह हुआ। वह वाहन के पास पहुंचे तो उसने चालक मृत पड़ा था। खबर पाकर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की जेब की तलाशी लेने पर कुछ दस्तावेज मिले, जिसके आधार पर उसकी पहचान हुई।
नोखेलाल की मौत की जानकारी होने पर उसके परिवार के लोग बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी पंकज अवस्थी का कहना है कि हार्टअटैक से मौत होने की आशंका है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।
