Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर इलाके के सराय इनायत थाना क्षेत्र स्थित सुदनीपुर खुर्द गांव में संदिग्ध दशा में गुरुवार देर रात एक विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। आशंका है कि उसने जहरीला पदार्थ खाया था, लेकिन इसके पीछे घरेलू विवाद था या कोई और कारण, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी।
सराय इनायत थानांतर्गत सुदनीपुर खुर्द गांव निवासी नवाब अली की 25 वर्षीय पत्नी मुरादन बेगम की गुरुवार देर रात अचानक हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे समीप के अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक देखकर डाॅक्टरों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि घरवालों ने उसे दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह इसकी खबर पुलिस को मिली तो एसीपी थरवई भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। घरवालों से बातचीत की गई तो बताया गया कि मीरजापुर जनपद के विंध्याचल थानांतर्गत नदनी गांव निवासी अख्तर अली की पुत्री मुरादन बेगम की शादी वर्ष 2024 में नवाब अली से हुई थी। नवाब मुंबई में टेलरिंग का काम करता है। यहां घर पर मुरादन बेगम अपने आठ माह के बेटे उमर, सास व देवर के साथ रहती थी। उसकी मौत कैसे हुई, इस बारे में वह कुछ नहीं जानते।
उधर, मृतका के मायके वालों ने ससुरालवालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में पता चला है कि मुरादन बेगम ने कोई जहरीला पदार्थ खाया था। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad