प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिले के यमुनानगर के नैनी इलाके में बड़ी वारदात हुई। नैनी थाना क्षेत्र के मड़ौका इलाके में रविवार शाम प्रापर्टी डीलर अजहरुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम प्रापर्टी डीलर के आफिस में घुसकर दिया गया।
प्रापर्टी डीलर अजहरुद्दीन की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो जमीन पर अजहरुद्दीन की लाश पड़ी थी। खबर पाकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा, डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव आदि अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
नैनी थाना क्षेत्र के महेवा पुरवा निवासी अजहरुद्दीन प्रापर्टी डीलर थे। मड़ौका में ऑफिस खोल रखा था। वह वहीं बैठते थे। रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह बाइक से घर से निकले और सीधे ऑफिस पहुंच गए। इसके कुछ देर बाद हमलावर वहां पहुंचे और ऑफिस में घुसकर उनकी हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा तो पता चला कि हमलावर एक कार से आए थे। उनकी संख्या चार थी, जबकि एक बाइक से पहुंचा था। अजहरुद्दीन का जमीन से संबंधित विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
