प्रयागराज (राजेश सिंह)। वाराणसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। गंगापार में सोरांव थाना क्षेत्र के कुरगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर तीन ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो ट्रकों में भीषण आग लग गई और लपटें आसमान छूने लगी।
हालांकि पुलिस व स्थानीय लोगों की सक्रियता से तीनों वाहनों के चालकों व खलासियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं फायर ब्रिगेड कर्मी भी तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे पास स्थित पेट्रोल पंप तक आग नहीं पहुंच सकी और बड़ा हादसा टल गया। दोपहर एक ट्रक वाराणसी से कानपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कुरगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी अचानक उसके सामने एक अर्टिगा कार आ गई। कार को बचाने के चक्कर में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित ट्रक पहले से आगे चल रही रिफाइन तेल से लदे दूसरे ट्रक से टकराया और रफ्तार तेज होने के कारण आगे चल रहे तीसरे ट्रक से भी जा भिड़ा। टक्कर लगते ही दो ट्रकों में आग लग गई। लपटें इतनी तेज थी कि तीसरे ट्रक में लदा सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे तत्काल सामान की पहचान नहीं हो सकी। घटनास्थल के बिल्कुल समीप ही पेट्रोल पंप स्थित था। यदि आग की लपटें पेट्रोल पंप तक पहुंच जातीं तो बड़ा विस्फोट हो सकता था, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी ने इस बड़े खतरे को टाल दिया।
