Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

दर्दनाक हादसे में खून से लाल हुई सड़क: ट्रेलर से कुचलकर दंपती की मौत, बाल-बाल बचे मासूम

SV News

मिर्जापुर (राजेश सिंह)। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग स्थित महुली चौराहे पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। राखड़ लदी तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी पहिए के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दो मासूम बच्चे छिटककर दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर खून फैल गया और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सरिया निवासी गौतम (35) पुत्र दुख्खु अपनी पत्नी फुला देवी (29), बेटी ममता और बेटे गुलशन के साथ लालपुर अधवार में एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार सुबह पूरा परिवार बाइक से घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही गौतम महुली चौराहे पर सड़क पार करने के लिए आगे बढ़े, उसी दौरान सोनभद्र से वाराणसी की ओर जा रही राखड़ लदी तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौतम और उनकी पत्नी ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, बाइक पर पीछे बैठे दोनों बच्चे उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के बाद बच्चे अपने माता-पिता के शव देखकर रोने-बिलखने लगे। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। स्थानीय लोगों ने बच्चों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि ट्रेलर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad