प्रयागराज (राजेश सिंह)। राम मंदिर आंदोलन के दौरान जेल गए कार सेवक प्रद्युम्न मिश्रा ने चंदा चोरी से आहत होकर गुरुवार को थरवई थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। थरवई क्षेत्र के सहजीपुर गांव निवासी प्रद्युम्न मिश्रा का कहना है कि वर्ष 1990 में राम मंदिर आंदोलन के दौरान वह कारसेवक के रूप में अयोध्या गए थे।
उस समय तत्कालीन सरकार द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर प्रतापगढ़ जेल भेज दिया गया था। वह 18 दिनों तक जेल में बंद रहे। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा किया गया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन से उनका भावनात्मक और वैचारिक जुड़ाव है।
ऐसे में मंदिर की दान राशि चोरी होने की सूचना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। इसके चलते उन्होंने गुरुवार को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। एसीपी थरवई अरुण पाराशर ने बताया कि प्रद्युम्न मिश्रा की ओर से दानपात्र से पैसा चोरी के संबंध में तहरीर दी गई है।
